राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाने, जुड़ें 'हर घर तिरंगा' अभियान से - Sushant Sai Sundaram

जो भरा नहीं है भावों से, जिसमें बहती रसधार नहीं,
वह हृदय नहीं पत्थर है, जिसमें स्वदेश का प्यार नहीं।
~ राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त

हमारा भारत आगामी स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2022 को अपनी आजादी का 75वां वर्षगांठ पूर्ण करने जा रहा है, ये हर देशवासी के लिए गौरवपूर्ण अवसर है तथा इस अवसर को अति विशेष बनाने हेतु आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा इसे 'आजादी का अमृत महोत्सव' के रूप में मनाने का आह्वान किया गया है। राष्ट्र की चेतना को जागृत कर भारत माँ के प्रति अपने सम्मान को दर्शन का ये महोत्सव कई चरणों एवं विषयों पर आधारित है, जिनमें भारतीय स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े सभी राष्ट्र नायकों के प्रति अपनी कृतज्ञता को प्रदर्शित करना तथा नए भारत की परिकल्पनाओं में युवाओं की सहभागिता को बढ़ाना प्रमुख है। इसी कड़ी में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 'हर घर तिरंगा' अभियान को संचालित किया जा रहा है, जिससे जुड़ कर हम राष्ट्रीय ध्वज के प्रति न सिर्फ अपनी व्यक्तिगीत निष्ठा अपितु एक राष्ट्र के रूप में अपने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाएंगे।

'हर घर तिरंगा' अभियान से पर्याय है की भारत अपने महापर्व स्वतंत्रता दिवस के दौरान 13 - 15 अगस्त 2022 तक तिरंगे के रंग में रंगा रहेगा। इस अभियान के तहत देश भर के 25 करोड़ घरों पर तिरंगे लगाए जाएंगे जो अपने आप में भारत की एकता अखंडता का परिचायक होगा। देश के कोने-कोने में केंद्र एवं राज्यों के सरकार के अतरिक्त सामाजिक संगठनों द्वारा भव्य कार्यक्रम संचालित किये जाएंगे। जिसमें हर भारतीय भाग ले कर राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ी जानकारियों को प्राप्त कर सकगे।

भारत आज विश्व के सबसे युवा देशों में गिना जाता है। इसलिए यह महत्पूर्ण है कि देश का युवा राष्ट्रीय गौरव से जुड़े प्रतीक चिन्हों को न सिर्फ सम्मान की दृष्टि से देखें, अपितु उन प्रतीक चिन्हों में छिपे संदेशों को भी जाने और इनके मूल्यों को समझते हुए सांस्कृतिक, सामाजिक एवं राष्ट्रिय प्रगति में अपना योगदान दें।

भारत कई भाषाओं, संस्कृतियों से समृद्ध 140 करोड़ जनों का देश है। जिसकी आजादी के लिए अमर बलिदानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है एवं इसकी अखंडता को अक्षुण्ण रखने हेतु आज भी सरहद पर माँ भारती के लाल अपने प्राण दान करने से नहीं चूकते हैं। ऐसे में हमारी विरासत अपनी संस्कृति एवं अपनी अखंडता को प्रदर्शित करने का यह स्वर्णिम अवसर हमें प्राप्त हो रहा है तो हमें इसमें सक्रियता से भाग ले कर इस महोत्सव को भव्य बनाना होगा।

आइये हम सभी भारतवासी प्रण लें कि हम हमारे राष्ट्र की गरिमा को नित्य नया आयाम देंगे। साथ ही इस स्वतंत्रता दिवस 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ अपने घरों पर तिरंगा लगा कर दुनिया को भारत की एकता व अखंडता का दिव्य दर्शन कराएंगे। अपने राष्ट्र नायकों के सम्मान में खड़े हो कर हम उनके संघर्षों, उनके बलिदानों की गाथा को जन-जन तक पहुंचायेंगे। जिससे हर पीढ़ी के मन मस्तिष्क पर भारत की गौरव गाथा का अमिट प्रभाव बना रहे एवं युगों तक हमारा भारत अपनी भिन्न संस्कृतियों के आँचल में फलता फूलता रहे।

जय हिन्द!

Post a Comment

0 Comments